स्वाइन फ्लू से दो महिलाओं की मौत, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

Share this article

बिलासपुर:

स्वाइन फ्लू ने जिले में दहशत फैला दी है, जहां दो महिलाओं की मौत हो गई है। दोनों महिलाएं अपोलो अस्पताल में इलाजरत थीं। इनमें से एक महिला की मौत अपोलो अस्पताल में और दूसरी की मौत शहर के एक अन्य निजी अस्पताल में हुई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

पहली घटना में कोरिया जिले की 51 वर्षीय महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद 4 अगस्त को उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। यहां दोबारा जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद महिला का इलाज शुरू किया गया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। सांस लेने में दिक्कत होने पर महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया, परन्तु शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।

दूसरी घटना में जांजगीर-चांपा जिले की 66 वर्षीय महिला को 6 अगस्त को सांस लेने में दिक्कत के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 8 अगस्त की सुबह परिजन उसे अपोलो अस्पताल से निकालकर शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

अपोलो अस्पताल में स्वाइन फ्लू के नौ मामले

29 जुलाई से 9 अगस्त के बीच अपोलो अस्पताल में स्वाइन फ्लू के नौ मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से पांच मरीज बिलासपुर जिले के हैं, जबकि अन्य मरीज कोरिया, जांजगीर और जीपीएम से हैं। वर्तमान में पांच मरीजों का इलाज अपोलो अस्पताल में जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शासकीय और निजी अस्पतालों से प्रतिदिन मरीजों की जानकारी ली जा रही है। जिले में जनचौपाल आयोजित कर लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।