Share this article
बिलासपुर:
अचानकमार टाइगर रिजर्व में अब जंगल के अंदर के अलावा सड़कों पर बाघ का मूवमेंट हो रहा है। दो दिन पहले बीच सड़क पर मवेशी का शिकार करते एक बाघ का वीडियो आया है। प्रबंधन इससे खुश है और यह दावा भी कर रहा है कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में बाघ विचरण करते नजर आएंगे।

अब धीरे-धीरे बाघों की संख्या बढ़ रही है। लगातार ट्रैप कैमरे भी उनकी तस्वीर कैद हो रही है। यह तस्वीर जंगल के अंदर से आती रही है। इसके अलावा मुख्य मार्ग पर प्रतिबंध को भी एक कारण माना जाता है। टाइगर रिजर्व के बीच से लोक निर्माण विभाग की सड़क निकली है, जो मध्य प्रदेश को जाती है। वाहनों की आवाजाही के कारण वन्य प्राणी प्रभावित होते थे। लेकिन, अब इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसी का असर अब दिखने लगा है। वन्य प्राणी जंगल के अंदर से बाहर सड़क पर आ रहे हैं। चीतल, बाइसन के अलावा अब तक कई तरह के वन्य प्राणी सड़क पर नजर आए हैं। यह पहली बार है, जब बाघ का मवेशी का शिकार करता वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो देखकर प्रबंधन ने जगह भी चिंहित कर लिया है। लेकिन, सुरक्षा के मद्देनजर स्थान को गोपनीय रखा गया है। प्रबंधन का यह मानना है अब तो एक ही बाघ नजर आया है। आने वाले दिनों में संख्या अधिक नजर आएगी।
