Share this article
बिलासपुर।
रतनपुर क्षेत्र के बेलतरा स्थित ग्रमीण बैंक की शाखा का ताला तोड़कर चोरों ने उत्पात मचाया है। लाकर तोड़ पाने में असफल चोरों ने बैंक के कंप्यूटर और अन्य सामान पार कर दिए हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी कैमरे का फुटेज लिया है। रतनपुर क्षेत्र के बेलतरा में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा है। सोमवार को काम के बाद बैंक के मैनेजर और अन्य कर्मचारी अपने घर चले गए। मंगलवार की सुबह बैंक के कर्मचारी पहुंचे तो बैंक का ताला टूटा था। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में पुलिस की टीम अंदर गई। बैंक में घुसे चोरों ने लाकर तोड़ने का प्रयास किया था। इसमें सफल नहीं हो पाने पर चोरों ने बैंक के कंप्यूटर तोड़ दिए। चोरों की यह करतूत बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसमें दो लोग बैंक में घुसे हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के सहारे पुलिस की टीम चोरों की तलाश कर रही है।

