Share this article
बिलासपुर: मरवाही वन परिक्षेत्र में तीन माह के नर भालू की लाश मिली है। शरीर में जख्म के निशान मिले हैं, जिसके चलते घटना संदिग्ध लग रही है। वजह जानने के लिए वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। इधर डीएफओ व अन्य वन अफसरों की मौजूदगी में मृत भालू का पोस्टमार्टम किया गया। घटना मरवाही वन मंडल के मरवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत लटकोनी खुर्द गांव के पास जंगल की है। रविवार को सुबह गांव का एक ग्रामीण मवेशी चराने के लिए गया हुआ था। तभी उसकी नजर मृत भालू पर पड़ी। वह कुछ पल के लिए घबरा गया। उसे यह डर सताने लगी कि आसपास मादा शावक तो नहीं है। उसने गांव पहुंचकर तत्काल इस घटना की जानकारी वनकर्मियों को दी। इस पर वनकर्मी घटना स्थल पर पहुंचे। मृत भालू के शरीर में कुछ चोट के निशान मिले। जिसे देखते हुए वनकर्मियों ने तत्काल इसकी जानकारी डीएफओ व अन्य अफसरों को दी। इस पर डीएफओ शशि कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना किया। इसके साथ जिस ग्रामीण ने सबसे पहले शव को देखा, उससे पूछताछ भी की। मौत की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
