रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’: 57 गुमशुदा बच्चों को खोज निकाला और परिवारों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

Share this article

पुलिस की कड़ी मेहनत और सराहनीय कार्य: परिजनों ने जताया आभार

रायपुर:

रायपुर पुलिस द्वारा सितंबर 2024 में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 57 गुमशुदा बच्चों को सकुशल उनके परिवारों से मिलाने में सफलता प्राप्त हुई। यह अभियान 1 सितंबर 2024 से 30 सितंबर 2024 तक चला, जिसके दौरान 9 बालक और 48 बालिकाओं को विभिन्न राज्यों से खोजकर उनके परिजनों को सौंपा गया।

इस अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IUCAW श्रीमती ममता देवांगन के नेतृत्व में थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित की गईं। टीमें गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के लिए सतत प्रयास करती रहीं, जिसके फलस्वरूप इन बच्चों को विभिन्न स्थानों से खोजा गया और परिवारों को सुपुर्द किया गया।

प्रमुख मामलों में सफलता

  1. थाना खरोरा: क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार की 17 वर्ष 4 माह की लड़की गुम हो गई थी। पुलिस के प्रयासों से मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे खोजा गया और परिजनों को सौंपा गया।
  2. थाना धरसींवा: क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय लड़की जून 2024 में गुम हो गई थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक करते हुए उसे बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
  3. थाना धरसींवा: क्षेत्र में रहने वाले परिवार की 14 वर्षीय लड़की, जो जुलाई 2022 से लापता थी, को दीगर राज्य में मजदूरी करते हुए पाया गया। उसे भी सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलवाया गया।
  4. थाना आमानाका: क्षेत्र में रहने वाला 15 वर्षीय बालक अपने माता-पिता से नाराज होकर घर छोड़ दिया था। पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन से बरामद किया और परिवार को सौंपा।
  5. थाना पंडरी: क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय लड़की, जो 2022 से लापता थी, ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल कॉल डिटेल्स की सहायता से बरामद हुई। इस दौरान आरोपी द्वारा लड़की के साथ शारीरिक शोषण के कारण वह गर्भवती हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।

ऑपरेशन मुस्कान की टीम

ऑपरेशन मुस्कान के सफल संचालन में निरीक्षक श्रुति सिंह, सहायक उप निरीक्षक हरीश चंद द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नेत राम सिन्हा, आरक्षक राजेश सिंह, महिला आरक्षक हर्ष लता साहू, महिला आरक्षक रेशम खुटे, और आरक्षक रमाकांत सिंह व तोषण कुमार ने विशेष भूमिका निभाई। इनके प्रयासों से रायपुर जिले में कुल 57 गुमशुदा बच्चे बरामद किए गए और उन्हें उनके परिवारों के साथ मिलाया गया।

ऑपरेशन मुस्कान एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसके तहत लापता बच्चों को खोजकर उन्हें सुरक्षित परिवारों से मिलाया जाता है। गृह मंत्रालय द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य उन बच्चों को वापस लाना है जो विभिन्न कारणों से गुम हो जाते हैं।

रायपुर पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से न सिर्फ बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया बल्कि उनके माता-पिता और परिवारों के चेहरों पर खोई हुई मुस्कान भी लौटाई।