निजात अभियान के तहत रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिंथेटिक ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, नाइजीरियन तस्कर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

Share this article

रायपुर पुलिस की तत्परता और इंटेलिजेंस की बदौलत बड़ा खुलासा

कई राज्यों में फैला ड्रग्स का जाल, पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी

रायपुर:

रायपुर पुलिस द्वारा निजात अभियान के अंतर्गत एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए सिंथेटिक ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) एवं टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, और दिल्ली में ड्रग्स की तस्करी और सप्लाई से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस रैकेट में स्थानीय सप्लायर्स से लेकर नाइजीरियाई तस्करों तक के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

मुख्य आरोपी मिस्टर इनोसेंट ओलोचुकु गिरफ्तार:

रायपुर पुलिस ने इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी, नाइजीरियन नागरिक मिस्टर इनोसेंट ओलोचुकु को दिल्ली के उत्तम नगर से गिरफ्तार किया। इनोसेंट के कब्जे से 124 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद किया गया, जिसकी बाजार में कीमत करीब ₹25 लाख आंकी गई है।

इस रैकेट का संचालन हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ में फैला हुआ था। पहले से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को इनोसेंट का सुराग मिला, जो ड्रग्स की मुख्य सप्लाई चैन का प्रमुख संचालक है।

अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार:

इस केस में पहले ही चार आरोपी—शुभम सोनी (पैब्लो एस्कोबार), आयुष अग्रवाल (प्रोफेसर), कुसुम हिंदुजा (लुसिफर), और चिराग शर्मा (बर्लिन)—गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हाल की कार्रवाई में पुलिस ने 3 और आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जिससे कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 7 हो गई है।

कार्रवाई और आरोपियों का विवरण:

  1. शुभम सोनी (पैब्लो एस्कोबार): रायपुर में एम.डी.एम.ए ड्रग्स रैकेट का संचालक।
  2. अभिषेक साहू: एम.डी.एम.ए सप्लाय चैन का मुख्य संचालक, गिरफ्तार कर उससे चरस, एम.डी.एम.ए टैबलेट, और ड्रग्स बरामद की गई।
  3. सोनू अग्रवाल: ड्रग्स की सप्लाई में संलिप्त। इन तीनों के कब्जे से 98 एम.डी.एम.ए टैबलेट, 65 ग्राम एम.डी.एम.ए ड्रग्स, और 16 लाख की नगदी सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
  4. आर्यन ठाकरे: जो रायपुर में ड्रग्स सप्लाई करता था, उसे 25 सितंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया। आर्यन से पूछताछ के बाद हिमाचल प्रदेश के ड्रग्स पेडलरों का पता चला।
  5. अमनदीप सिंह छाबड़ा: कसोल, हिमाचल प्रदेश के होटल एप्पल पाई का संचालक, जिसे रायपुर पुलिस ने कसोल से गिरफ्तार किया। अमनदीप ने एम.डी.एम.ए और चरस की सप्लाई में संलिप्तता स्वीकार की।
  6. अशोक यादव: हिमाचल प्रदेश कसोल के एक अन्य पेडलर, जिसने ड्रग्स की सप्लाई में अहम भूमिका निभाई।
  7. मिस्टर इनोसेंट ओलोचुकु: मुख्य आरोपी, नाइजीरियन नागरिक, जो दिल्ली से एम.डी.एम.ए ड्रग्स की सप्लाई करता था। इसे उत्तम नगर से रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।

दो माह में नशा कारोबार के 42 आरोपी गिरफ्तार :

इस अभियान के अंतर्गत अगस्त और सितंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कुल 19 मामलों में कार्रवाई करते हुए 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से 251.22 किलो गांजा, 59 शीशी कोडिन, 1152 नशीली टैबलेट्स, 189 ग्राम कोकीन, और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।

पिछली कार्रवाई के लिंकेजेस पर भी कार्रवाई:

  • गांजा सप्लाई चैन: 11 अगस्त को मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किए गए आरोपी सतीश अग्रवाल और कामेश्वरी गोस्वामी से 50 किलो गांजा बरामद हुआ।
  • नशीली टैबलेट्स सप्लाई चैन: 31 अगस्त को गिरफ्तार मनीष चंद्राकर से पूछताछ में ओडिशा से सप्लाई का पता चला।
  • अफीम सप्लाई चैन: 30 अगस्त को सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में आरोपी कुलजींदर सिंह से पूछताछ में झारखंड के तस्करों तक पहुंचने में सफलता मिली।

200 की हुई पहचान, 80 को भेजा जेल:

रायपुर पुलिस द्वारा नशे के व्यापार में शामिल लगभग 200 लोगों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से 80 आरोपी जेल में हैं और बाकी पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा ताकि रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में ड्रग्स तस्करी और नशे के व्यापार को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।


निजात ने कसा शिकंजा:

  • निजात अभियान के तहत रायपुर पुलिस द्वारा नारकोटिक्स सेल और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त टीम ने अब तक करोड़ों की ड्रग्स जब्त कर सैकड़ों तस्करों को गिरफ्तार किया है।
  • हिमाचल प्रदेश और दिल्ली तक फैले सिंथेटिक ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करों पर शिकंजा कसा।

नशा कारोबार को जड़ से समाप्त करना है: एसएसपी डॉ संतोष कुमार सिंह

एसएसपी डॉ. संतोष कुमार सिंह

“रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ ‘निजात अभियान’ को जारी रखा हुआ है। नारकोटिक्स सेल द्वारा ड्रग्स सप्लाई चैन और उनके लिंकेजेस पर कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े लगभग 200 लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। ‘निजात अभियान’ के तहत रायपुर पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।”