रायपुर: विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सभी की भागीदारी आवश्यक – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Share this article

राज्य स्तरीय संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विजन 2047 पर हुई चर्चा

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव

युवाओं, महिलाओं और कृषकों ने रखे अपने विचार

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है और इसे पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने का विजन डॉक्यूमेंट सभी की भागीदारी से तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री न्यू सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ विजन 2047 तैयार करने के लिए राज्य नीति आयोग द्वारा आयोजित “मोर सपना मोर विकसित छत्तीसगढ़” राज्य स्तरीय संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के युवाओं, कृषकों, महिलाओं और प्रबुद्धजनों ने अपने-अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में भारत विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और अगले पांच साल में भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का आह्वान किया है। इस उद्देश्य को पूरा करने में छत्तीसगढ़ का भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। छत्तीसगढ़ एक समृद्ध राज्य है जहां प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन, वन संपदा और मानव संसाधन हैं। यहां की धरती उर्वरा है और मेहनतकश किसान हैं। यहां के संसाधनों का वैल्यू एडिशन करके हम विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर सकते हैं और इसमें सभी का सहयोग आवश्यक होगा।

विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवा प्रदेश है और नई शिक्षा नीति लागू की गई है जिसमें वोकेशन ट्रेनिंग पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में सबके सहयोग से रिफॉर्म ला रही है और काम-काज में पारदर्शिता लाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार की नीति करप्शन के प्रति जीरो टॉलरेंस की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं, कृषकों, महिलाओं और प्रबुद्धजनों ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का विजन डॉक्यूमेंट और नई उद्योग नीति राज्य स्थापना दिवस 01 नवम्बर 2024 को आम जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में जैविक कृषि को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। युवाओं ने भी आगामी भविष्य को लेकर अपना बेहतर दृष्टिकोण रखा है।

ड्रोन दीदी योजना और पद्मश्री जागेश्वर यादव की प्रशंसा

मुख्यमंत्री ने “ड्रोन दीदी” योजना के तहत भिलाई में तकनीकी विश्वविद्यालय में ट्रेनिंग की व्यवस्था की जानकारी दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने के आह्वान का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री जागेश्वर यादव की तारीफ करते हुए कहा कि जागेश्वर जी ने कोरवा-बिरहोर समुदाय की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के सुझाव

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों का नीति आयोग द्वारा संकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन तथा सर्विस सेक्टर में भी असीम संभावनाएं हैं। वर्तमान में कृषि में रसायनिक खाद के उपयोग से कैंसर रोगियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है, इसलिए जैविक खेती को बढ़ावा देना होगा। कृषि में युवाओं की भागीदारी भी बढ़ानी होगी।

अन्य प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति

संवाद कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागी शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सलाहकार धीरेन्द्र तिवारी, राज्य नीति आयोग के सदस्य के. सुब्रमण्यम, सचिव अनूप श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत भी उपस्थित थे।