Share this article
एक रेलवे अफसर द्वारा प्रताड़ित करने की भी चर्चा, पुलिस जुटी जांच में
बिलासपुर।
रेलवे की कमर्शियल इंस्पेक्टर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस मर्ग कायम कर इसकी जांच कर रही। प्राथमिक जांच में एक रेलवे अफसर द्वारा कमर्शियल इंस्पेक्टर को प्रताड़ित किए जाने की भी बात कही जा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस हर पहलुओं की जांच कर रही। तोरवा क्षेत्र के एनी कालोनी में रहने वाली विनीता साहनी (37) रेलवे में कामर्शियल इंस्पेक्टर थीं। वे अपने पति ओब्राहम हेल और आठ साल की बेटी के साथ रहती थीं। महिला अधिकारी के पति जिम चलाते हैं। शनिवार को महिला अधिकारी अपनी आठ साल की बेटी के साथ घर पर ही थीं। उनके पति किसी काम से बाहर गए हुए थे। दोपहर करीब ढाई बजे महिला अधिकारी ने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। इस दौरान उनकी बेटी दूसरे कमरे में थी। बच्ची अपनी के कमरे में आई तो वे फांसी के फंदे पर लटक रही थी। बच्ची ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को देकर आनन-फानन में महिला अधिकारी को रेलवे अस्पताल पहुंचाया। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। महिला के मायके वाले दिल्ली में रहते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
