Share this article
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम का किया पुनः शुभारंभ
मुख्य बिंदु:
- हर गुरुवार को आम नागरिकों के लिए खुले रहेंगे मुख्यमंत्री निवास के दरवाजे
- जनदर्शन कार्यक्रम के तहत नागरिक सीधे मुख्यमंत्री से मिल सकेंगे
- नागरिकों की शिकायतों और सुझावों के लिए पोर्टल की सुविधा
- दिव्यांगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई
- मुख्यमंत्री का आश्वासन: “समय-सीमा में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे”
जनदर्शन के मुख्य पहलू:
- हर गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात
- नागरिकों की शिकायतों और सुझावों का रजिस्ट्रेशन
- टोकन प्रणाली और पोर्टल के माध्यम से कार्यवाही की मॉनिटरिंग
- वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में त्वरित समाधान



रायपुर, 27 जून 2024 // वर्षों के लंबे अंतराल के बाद, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री निवास के दरवाजे आज आम नागरिकों के लिए पूरी तरह खुल गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में, हर गुरुवार को यह दरवाजे अब आम नागरिकों के लिए खुले रहेंगे, जिससे वे सीधे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री की इच्छा के अनुरूप, छत्तीसगढ़ शासन ने “जनदर्शन” कार्यक्रम का पुनः शुभारंभ किया है। इस कार्यक्रम के तहत, आम नागरिक सीधे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी शिकायतें, समस्याएं, अपेक्षाएं और सुझाव रख सकते हैं। कार्यक्रम का फार्मेट ऐसा है कि मुख्यमंत्री निवास में एक साधारण सी टेबल के एक ओर मुख्यमंत्री की कुर्सी होती है और दूसरी ओर फरियादी। इस दौरान मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी और राज्य के वरिष्ठतम अधिकारी मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन के लिए मुस्तैद खड़े रहते हैं।

जनदर्शन कार्यक्रम में नागरिकों की शिकायतों और सुझावों को बकायदा रजिस्टर्ड किया जाता है, और उन्हें टोकन दिया जाता है ताकि कार्यवाही की मॉनिटरिंग की जा सके। इसके लिए एक पोर्टल भी तैयार किया गया है, जिसमें टोकन नंबर दर्ज करते ही प्रगति की जानकारी आवेदक के सामने होती है।
आज जनदर्शन के पहले दिन, मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, जिनमें महिलाओं की खासी संख्या शामिल थी। मुख्यमंत्री साय ने आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आवेदकों से पारिवारिक ढंग से बातें की और महिलाओं ने महतारी वंदन योजना शुरू करने के लिए उन्हें धन्यवाद कहा। दिव्यांगों की सहायता की आस को पूरा करते हुए, मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल ट्रायसायकल और अन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक महिला ने अपने कैंसर पीड़ित पति के इलाज के लिए सहायता मांगी, तो मुख्यमंत्री श्री साय ने उन्हें हर जरूरी सहायता देने का आश्वासन दिया।
वर्ष 2018 से पहले, तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में यह कार्यक्रम इसी नाम से संचालित था। मुख्यमंत्री की इच्छा थी इसे दोबारा शुरू किया जाए, ताकि उनसे मिलने के इच्छुक ज्यादा से ज्यादा लोगों से मुलाकात की जा सके। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम को राज्य में सुशासन स्थापित करने और कामकाज में पारदर्शिता तथा तेजी लाने के लिए भी महत्वपूर्ण माना है।
कार्यक्रम के पहले दिन लोगों से बात करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान समय-सीमा में हो सके।”
