चरित्रशंका पर पत्नी की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Share this article


बिलासपुर।
सकरी क्षेत्र के लाखासार में रहने वाला मुकेश साहू (21) चिंगराजपारा के भरत चौक के पास किराए के मकान में रहकर रोजी-मजदूरी करता था। उसने एक साल पहले ही गांव की श्वेता कौशिक से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से दोनों किराए के मकान में रह रहे थे। आसपास के लोगों ने बताया कि मुकेश और श्वेता के बीच आए दिन मामूली बातों को लेकर विवाद होता था। सोमवार को मुकेश शराब के नशे में था। रात को दोनों के बीच पारिवारिक बातों को लेकर विवाद हो रहा था। सुबह लोगों ने उनके मकान में ताला लगा देखा। किसी अनहोनी की आशंका पर मोहल्ले के लोगों ने सरकंडा पुलिस को इसकी सूचना दी। मोहल्ले वालों की मौजूदगी में मकान का ताला तोड़ा गया। अंदर श्वेता की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों को से पूछताछ कर श्वेता के स्वजन की जानकारी जुटाई। इधर पुलिस की टीम ने फरार पति की तलाश शुरू कर दी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पता चला कि आरोपी ट्रेन से महाराष्ट्र की ओर भाग रहा है। इस पर पुलिस की एक टीम को नागपुर रवाना किया गया। रेलवे पुलिस को आरोपी की तस्वीर भेजकर जानकारी जुटाई गई। वह कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस से महाराष्ट्र भाग रहा था। पुलिस ने उसे ट्रेन से ही गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि सोमवार की रात चरित्र शंका पर पत्नी से विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया।