नंदिनी थाना पुलिस ने आगजनी कर हत्या की साजिश रचने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Share this article

दुर्ग: नंदिनी थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई आगजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आपसी रंजिश के चलते घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगाकर परिवार सहित हत्या की साजिश रचने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


क्या है मामला

प्रार्थी रामेश्वर प्रसाद विश्वकर्मा, निवासी टाउनशिप नंदिनी नगर ने 27 जून 2025 को नंदिनी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26-27 जून की रात अज्ञात लोगों ने जान से मारने की नीयत से उनके घर के बाहर खड़ी मारुति स्विफ्ट कार (सीजी 07 एमबी 1588) और टीवीएस स्कूटी (सीजी 07 सीवी 0920) में आग लगा दी। घटना में वाहनों को भारी क्षति पहुंची थी।

पुलिस ने इस मामले में धारा 326(एफ), 109, 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।


पूछताछ में हुआ खुलासा

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में राजेश कुमार मरकाम और उसके साथी टोमेश पाटिल का नाम सामने आया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि उनका प्रार्थी रामेश्वर प्रसाद विश्वकर्मा से लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर रामेश्वर प्रसाद के घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगाने की साजिश रची थी, ताकि पूरे परिवार को जान से मारा जा सके।


गिरफ्तारी और न्यायिक रिमांड

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को 24 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


आरोपियों के नाम –

  1. राजेश कुमार मरकाम पिता स्व. विश्राम मरकाम, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम घटियाकला, थाना बेरला, जिला बेमेतरा (वर्तमान पता : 200 यूनिट क्वार्टर नं. 27(सी), टाउनशिप, थाना नंदिनी, जिला दुर्ग)।
  2. टोमेश पाटिल पिता चंद्रसेन पाटिल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम कोकड़ी (वर्तमान पता : 200 यूनिट क्वार्टर नं. 27(सी), टाउनशिप, थाना नंदिनी, जिला दुर्ग)।