Share this article
गरबा और दुर्गा पूजा आयोजन के दौरान सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष जोर
रायपुर:
रायपुर में दुर्गा पूजा और गरबा आयोजन के सुरक्षा प्रबंधों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ संतोष सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में देर रात राजपत्रित अधिकारियों की विशेष बैठक बुलाई। रात 11 बजे आयोजित इस बैठक में त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने पर चर्चा हुई।
एसएसपी डॉ संतोष सिंह ने विशेष रूप से एएसपी ट्रैफिक ओपी शर्मा को निर्देशित किया कि गरबा स्थलों के पास ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी जरूरी
एसएसपी ने बड़े आयोजनों के लिए सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर नजर रखी जा सके। उन्होंने आयोजन समितियों के स्वयंसेवकों के साथ तालमेल बनाकर कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए।
रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर
एसएसपी ने रात्रि गश्त में वृद्धि करने और पुलिस की उपस्थिति सड़कों पर बढ़ाने के निर्देश दिए। रात्रि के दौरान पुलिस की सतर्कता को बढ़ाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
बैठक के बाद सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त पर रवाना हुए। इस बैठक में रायपुर जिले के सभी पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
