Share this article
दीपक शर्मा की विस्फोटक पारी और कप्तान जतिन सक्सेना की अगुवाई में भारत बना एशियाई चैंपियन
छत्तीसगढ़ के कलीम खान बने मैन ऑफ द टूर्नामेंट
छत्तीसगढ़:
थाईलैंड की धरती पर खेले गए एशिया लीजेंड्स कप 2026 के ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले में इंडिया लीजेंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश लीजेंड्स को शिकस्त दी और पहले एशिया लीजेंड्स कप का खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में एक समय संकट में दिख रही भारतीय टीम को दीपक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी और कप्तान जतिन सक्सेना के संयमित नेतृत्व ने ऐतिहासिक जीत दिलाई। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी से शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी मो. कलीम खान को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला।

फाइनल में भारतीय गेंदबाजों का जलवा, बांग्लादेश 123 रन पर सिमटा
टॉस जीतकर बांग्लादेश लीजेंड्स के कप्तान धीमान घोष ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे बांग्लादेशी बल्लेबाज टिक नहीं सके।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद कलीम खान ने फाइनल में भी 2 विकेट झटके, वहीं कपिल राणा ने भी 2 अहम सफलताएं हासिल कीं।
अमरदीप सोनकर ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि मदर बसप्पा ने भी 1 विकेट चटकाया।
बांग्लादेश की ओर से सदत (22), इम्तियाज हुसैन (21) और सदिकुर रहमान (21) ने कुछ संघर्ष किया, जबकि मुख्तार अली 14 रन बनाकर नाबाद रहे। पूरी टीम 123 रनों पर सिमट गई।
दीपक शर्मा की 74 रन की पारी ने पलटा मैच
124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया लीजेंड्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 10 रन पर 3 विकेट और 49 रन तक पहुंचते-पहुंचते 5 विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश के अनुभवी गेंदबाज आलोक कपाली ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और भारत को दबाव में ला दिया।
ऐसे मुश्किल वक्त में दीपक शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और 74 रनों की शानदार व मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया। कप्तान जतिन सक्सेना (21 रन नाबाद) के साथ मिलकर उन्होंने 18.4 ओवर में ही इंडिया लीजेंड्स को ऐतिहासिक जीत दिला दी।
छत्तीसगढ़ के मोहम्मद कलीम खान बने मैन ऑफ द सीरीज

छत्तीसगढ़ पुलिस में निरीक्षक के पद पर कार्यरत मोहम्मद कलीम खान ने पूरे टूर्नामेंट में हरफनमौला प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
कलीम खान ने प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा 12 विकेट चटकाने के साथ 70 रन भी बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट (मैन ऑफ द सीरीज) चुना गया।
उन्होंने लीग मैचों में श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ भी मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
छत्तीसगढ़ के तीन खिलाड़ियों का शानदार योगदान
छत्तीसगढ़ से इंडिया लीजेंड्स टीम में
- जतिन सक्सेना (भारतीय स्टेट बैंक) – कप्तान
- मोहम्मद कलीम खान (छत्तीसगढ़ पुलिस, निरीक्षक)
- चंद्रशेखर खूंटे (वन विभाग)
का चयन हुआ था। कप्तान जतिन सक्सेना की अगुवाई में टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और श्रीलंका, पाकिस्तान, हॉन्गकॉन्ग व बांग्लादेश को हराते हुए पहली बार में ही खिताब जीत लिया।
वन विभाग में कार्यरत चंद्रशेखर खूंटे ने उपयोगी बल्लेबाजी के साथ शानदार फील्डिंग की और पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षकों में गिने गए।
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का सम्मान
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में BVCI के प्रेसिडेंट श्री प्रवीण त्यागी, श्री रविन्दर त्यागी, श्री विनोद फड़के, एशिया लीजेंड्स कप के डायरेक्टर एवं टाइटल स्पॉन्सर ‘बॉस क्लब थाईलैंड’ के श्री अनमोल वर्मा तथा टूर्नामेंट सीईओ श्री तरुणेश परिहार ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
इसके अलावा अंपायर्स, कमेंटेटर्स, ग्राउंड स्टाफ और सोशल मीडिया टीम को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
