Share this article
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के ग्राम डिडोल में रहने वाले ओंकार श्रीवास गांव में सैलून चलाते हैं। शुक्रवार को वे दवा लेने के लिए बिलासपुर आए थे। यहां से वे तिफरा स्थित काली मंदिर दर्शन के लिए चले गए। मंदिर दर्शन के बाद लौट रहे सैलून संचालक से अनजान व्यक्ति ने तिफरा ओवरब्रिज के पास लिफ्ट मांगा। उसे लेकर वे मिनी बस्ती की ओर गए। तब तक उसने सैलून संचालक को अपनी बातों में उलझा लिया। मिनी बस्ती से उस व्यक्ति ने तिफरा ओवर ब्रिज तक छोड़ने के लिए कहा। साथ ही उन्हे खाने के लिए प्रसाद दिया। प्रसाद खाकर वे अनजान व्यक्ति को लेकर तिफरा की ओर आ रहे थे। ओवरब्रिज पर उन्हें चक्कर आने लगा। वे किसी तरह तिफरा बिजली आफिस के पास पहुंचे। यहां पर वे सो गए। शनिवार की सुबह करीब चार बजे उनकी नींद खुली। इस बीच अनजान व्यक्ति ने उनकी बाइक, सोने का लाकेट और मोबाइल पार कर दिया था। सैलून संचालक ने घटना की जानकारी रिश्तेदारों को दी। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत सिरगिट्टी थाने में की है।
