Share this article
घटना के बाद पीड़िता और उसकी मां को देता रहा धमकी
आरोपी पर अपराध दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बिलासपुर (पेंड्रा)।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र में 10 साल की बालिका को बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना बीस दिन पहले की है। रोजगार सहायक ने बच्ची के साथ अनाचार किया और इसके बाद बच्ची व उसकी मां को धमकाता रहा। किसी तरह हिम्मत करके पीड़िता और उसकी मां ने थाने में शिकायत की। जिसके बाद आरोपी पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पेंड्रा क्षेत्र में रहने वाला संतोष केंवट रोजगार सहायक है। उसके घर के पास में ही हैंडपंप है। 10 साल की बालिका हैंडपंप में पानी भरने के लिए आई थी। रोजगार सहायक ने उसे अपने घर के लिए पानी भर देने के लिए कहा। रोजगार सहायक दिव्यांग है। उसकी मदद करने के लिए बालिका पानी लेकर घर के अंदर चली गई। इसी दौरान रोजगार सहायक ने घर का दरवाजा बंद कर दिया। उसने बालिका को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। रोजगार सहायक ने घटना की जानकारी किसी को देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। बालिका ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसकी जानकारी होने पर रोजगार सहायक मां-बेटी को धमकियां देने लगा। पीड़ित के परिवार के अधिकतर सदस्य कमाने के लिए बाहर गए हैं। वह अपनी मां के साथ गांव में रहती है। इसके कारण पीड़िता और उसकी मां थाने जाने में डर रहीं थीं। करीब 20 दिन बाद मां-बेटी हिम्मत कर थाने पहुंचीं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
