Share this article
बिलासपुर।
सब स्टेशन के पास ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद सुधार के लिए पहुंचे संविदा कर्मचारी को इंजीनियर ने जबरन खंभे पर चढ़ा दिया। खंभे में चढ़कर कर्मचारी ने जैसे ही बिजली के तार को हाथ लगाया उसके कपड़ों में आग लग गई और वह झुलस गया। कर्मचारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी रोहित कुमार ध्रुव ने बताया कि गुरुवार की शाम शनिचरी बाजार के पास ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट हो गया। अधिकारियों के निर्देश पर वे साथी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां पर इंजीनियर भी मौजूद रहे। इंजीनियर ने उन्हें खंभे पर चढ़ने के लिए कहा। संविदा कर्मचारी खंभे पर चढ़ गया। कर्मचारी ने बताया कि जैसे ही उसने तार को हाथ लगाया उसे जोर का झटका लगा। साथ ही उसके कपड़ों पर आग लग गई। इससे कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। जैसे-तैसे वह खंभे से नीचे उतरा। इसके बाद साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
