धान खरीदी केंद्र में 1268 क्विंटल धान की अफरा-तफरी, प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर पर मामला दर्ज

Share this article

मुंगेली। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के अखरार स्थित धान खरीदी केंद्र में 1268 क्विंटल धान की अफरा-तफरी का मामला सामने आया है। जांच के बाद कलेक्टर राहुल देव के निर्देश पर खरीदी केंद्र प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ धारा 409 और 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच चिल्फी पुलिस कर रही है।

घटना का विवरण

लोरमी एसडीएम गिरधारी लाल यादव ने बताया कि धान खरीदी केंद्रो से धान का उठाव किया जा रहा है। इसी क्रम में अखरार स्थित धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।

कलेक्टर के निर्देश पर सहकारिता विस्तार अधिकारी एनके कश्यप और पर्यवेक्षक विजय कुमार रात्रे ने खरीदी केंद्र में पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान पाया गया कि केंद्र में एक हजार 268 क्विंटल धान कम है। इस गायब धान की कीमत 39 लाख 31 हजार 110 रूपये आंकी गई है।

कार्रवाई और पुलिस जांच

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर कलेक्टर ने तुरंत एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया। कलेक्टर के आदेश पर शाखा प्रबंधक गौकरण सिंह चतुर्वेदी ने चिल्फी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।