Share this article

बिलासपुर। होली के दौरान एक दूसरे पर रंग-गुलाल लगा रहे युवकों से छुट्टी पर आए बटालियन के जवान ने पहले विवाद किया। इसके बाद उसने एयर गन से फायर कर दिया। एक गोली युवक के सीने पर लगी है। पुलिस ने जवान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से दो एयरगन जब्त किया गया है। मल्हार में रहने वाला पुलकेश नापित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के दूसरी बटालियन में आरक्षक है। होली की छुट्टी पर वह बीते दिनों घर आया हुआ है। मल्हार के रेस्ट हाउस के पास भी कुछ युवक एक दूसरे पर रंग गुलाल लगाकर होली खेल रहे थे। शाम चार बजे के करीब वहां पर बटालियन का जवान पुलकेश नापित पहुंचा। उसने होली खेल रहे युवकों से विवाद करना शुरू कर दिया। उसकी आदतों को जानने वाले गांव के लोगों ने समझाइश देकर जाने के लिए कहा। इसके बाद भी वह गाली-गलौज कर रहा था। मौके पर मौजूद पियूष सिंह ने जवान को समझाइश देने की कोशिश की। इस पर आरक्षक ने अपने साथ लाए एयरगन से पियूष पर फायर कर दिया। पहली गोली पियूष के बगल से निकल गई। इसके बाद उसने दूसरी बार फायर करते हुए पियूष के सीने में गोली मार दी। इससे पियूष घायल होकर वहीं पर गिर गया। फायरिंग के बाद जवान वहां से भाग निकला। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देकर घायल को मस्तूरी स्थित अस्पताल पहुंचाया। इधर पुलिस ने आरक्षक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

