Share this article
बर्चस्व की हो रही लड़ाई, चम्मच को घिसकर बना डाला चाकू
बिलासपुर। केंद्रीय जेल में रोजा इफ्तार के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान बंदियों ने जेल में चम्मच को घिसकर चाकू की तरह उपयोग करते हुए एक दूसरे पर हमला किया। हमले में आधा दर्जन को चोटें आईं। घायलों का जेल अस्पताल में ही उपचार कराया गया। इस पूरे मामले की जांच के बाद पुलिस दोनों गैंग पर हत्या के प्रयास और बलवा का मामला दर्ज किया है। केंद्रीय जेल में कवर्धा और रायपुर के कुछ बदमाशों को शिफ्ट किया गया है। वहीं, बिलासपुर के भी कुछ बदमाश केंद्रीय जेल में बंद हैं। रायपुर और कवर्धा के बदमाशों ने एक गुट बना लिया है। वर्चस्व को लेकर बिलासपुर और रायपुर के बदमाशों के बीच विवाद चल रहा है। आठ दिन पहले 22 मार्च को रोजा ईफ्तारी के दौरान एक समुदाय के ही दो गुट के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। चम्मच को घिसकर चाकू की तरह उपयोग किया था। इस हमले में चार लोगों को चोटें आईं। घायलों का जेल अस्पताल में ही उपचार कराया गया। जेल प्रबंधन ने मामले की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस शुक्रवार को जेल पहुंचकर पूरे मामले की पड़ताल की। इस दौरान जेल प्रबंधन की ओर से मिले प्रतिवेदन के आधार पर एक पक्ष के मौसीन खान, इंदीत खान, अयाज, मेहताब के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष के अल्ताफ, फिरोज, जलील, कमर अली के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
