Share this article
बिलासपुर।
कोटा क्षेत्र में रहने वाली 13 साल की बालिका के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवक ने दुष्कर्म के बाद बालिका को गनियारी के पास छोड़कर भाग गया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह से गिरफ्तार किया है। युवक महाराष्ट्र भागने के फिराक में था। 13 साल की बालिका 15 मई को अपने घर में बिना बताए कहीं चली गई थी। अपहरण की आशंका पर परिजनों ने कोटा थाने में इसकी शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के रेलवे स्टेशन में बालिका की तलाश की, साथ ही सड़क मार्ग में वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान पता चला कि बालिका गनियारी में है। पुलिस की टीम बालिका को थाने ले आई। पूछताछ में बालिका ने बताया कि तखतपुर क्षेत्र के राजपुर निवासी धनंजय उर्फ भोला उर्फ अनुराग नेताम (24) उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मौका पाकर उसने बालिका से दुष्कर्म किया। इसके बाद वह बालिका को गनियारी के पास छोड़कर भाग निकला। पुलिस आरोपी को खोज रही थी। कोटा पुलिस ने जांजगीर-चांपा पुलिस से समन्वय कर आरोपी को बम्हनीडीह से गिरफ्तार कर लिया है।
