Share this article
कल से रोज लगातार विभागों की समीक्षा बैठकें
शुरूआत होगी खेती-किसानी की तैयारियों से
स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता पर भी होगी बात
राज्य की कानून व्यवस्था का भी जानेंगे हाल
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज करने के लिए विभिन्न विभागों में चल रहे कामकाज की गहन समीक्षा शुरू कर दी है। 13 जून से वे लगातार महत्वपूर्ण विभागों की बैठकें लेंगे और शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश देंगे।
खेती-किसानी की तैयारियों से शुरूआत
मुख्यमंत्री 13 जून को कृषि एवं उद्यानिकी, पशुधन विकास, मत्स्य पालन और दुग्ध महासंघ जैसे विभागों की समीक्षा के साथ बैठकों की शुरूआत करेंगे। राज्य में मानसून के सक्रिय होने की संभावना को देखते हुए खेती-किसानी के काम में तेजी लाई जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने किसानों को आश्वस्त किया है कि गुणवत्तापूर्ण खाद और बीजों की अबाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उद्यानिकी को भी बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, पशुधन विकास और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए भी प्रयास जारी हैं। छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख मछली उत्पादक राज्यों में से एक है और राज्य सरकार मछली उत्पादन को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाइयों की उपलब्धता पर चर्चा
मुख्यमंत्री 14 जून को स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिक्षा और औषधि प्रशासन की समीक्षा बैठकें लेंगे। इन बैठकों में वर्षा काल में होने वाली बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों और दवाइयों की उपलब्धता पर चर्चा की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
कानून व्यवस्था और पानी की आपूर्ति की समीक्षा
15 जून को मुख्यमंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, गृह और जेल विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। वर्षा काल में दूरदराज के क्षेत्रों में पीने के साफ पानी की उपलब्धता की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। गृह और जेल विभाग की बैठक में राज्य की कानून व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ये मैराथन बैठकें राज्य में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन बैठकों से राज्य में सुशासन और विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
