घराती और बराती भिड़े, दूल्हे की हो गई पिटाई

Share this article

मस्तूरी क्षेत्र के देवगांव की घटना, डीजे में नाचने को लेकर हुआ विवाद
बिलासपुर।
मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम देवगांव में डीजे पर नाचने को लेकर घराती और बराती के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान गांव के लोगों ने दूल्हे की भी पिटाई हो गई, साथ ही उनकी कार में तोड़फोड़ की। मारपीट से घायल दूल्हे ने घटना की शिकायत मस्तूरी थाने में की है। इधर दूसरे पक्ष ने बरातियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। दोनों पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। हिर्री में रहने वाले सुभाष कुर्रे की शादी देवगांव में रहने वाले बद्री प्रसाद नवरंग की बेटी से तय हुई थी। वे बरात लेकर मंगलवार की रात देवगांव पहुंचे। वहां पर बराती डीजे पर नाच रहे थे। इसी दौरान देवगांव के कुछ युवक भी बरातियों के साथ नाचते हुए विवाद करने लगे। इससे बरात में आए सुरेंद्र कुर्रे, विरेंद्र कुर्रे, दशेन और गंगा प्रसाद को चोटें आईं। मारपीट के बाद गांव के युवक दूल्हे की कार के पास आकर तोड़फोड़ करने लगे। इस पर दूल्हा सुभाष कार से बाहर आ गए। उन्होंने युवकों को समझाइश दी। इस पर युवक उनसे झूमाझटकी करने लगे, साथ ही कार में सवार युवतियों से झूमाझटकी की। इधर देवगांव में रहने वाले जमशेद डहरिया ने मारपीट की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनकी रिश्ते की भांजी की शादी थी। बराती गांव के अटल चौक के पास डीजे पर नाचते हुए गाली-गलौज कर रहे थे। गांव के लोगों ने बरातियों का समझइश दी। इस पर दूल्हे का भाई और अन्य लोग गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर बरातियों ने गांव के लोगों की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट से जमशेद और उसके साथियों को चोटें आईं हैं। दोनों पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।