Share this article
सड़क पर दौड़ रहे बच्चे को बचाने के चक्कर में बाइक सवार ने महिला को मार दी थी ठोकर
आक्रोशित महिलाओं की भीड़ ने कर दी हत्या, पेंड्रा क्षेत्र की घटना
बिलासपुर।
पेंड्रा क्षेत्र के बसंतपुर में सड़क पर दौड़ रहे बच्चे को बचाने के चक्कर में बाइक सवार युवक किनारे चल रही महिलाओं से टकरा गया। इससे गुस्साई महिलाओं ने बाइक सवार की पिटाई कर दी। महिलाओं की पिटाई से घायल युवक ने उपचार के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेंड्रा क्षेत्र के आमाडांड में रहने वाले रामा पनिका रोजी मजदूरी करता था। बुधवार को वह किसी काम से पेंड्रा आया था। यहां से काम निपटाने के बाद शाम को वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। बाइक सवार रामा बसंतपुर पहुंचा था। रास्ते में साहू परिवार की दो महिलाएं बच्चे को लेकर टहलने निकली थीं। इसी दौरान बच्चा सड़क पर दौड़ने लगा। बच्चे को बचाने के चक्कर में बाइक सवार रामा सड़क किनारे चल रही एक महिला से जा टकराया। इससे महिला गिर पड़ी। महिला के साथ चल रही दूसरी महिला ने फोन कर घटना की जानकारी परिजनाें को दी। इस पर अजय साहू और दुर्गा साहू क्रिकेट बैट लेकर वहां आ गए। उन्होंने महिलाओं के साथ रामा की पिटाई कर दी। बैट और लात घूंसो से पिटाई के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की। इस पर महिलाएं लोगों को भी धमकियां दे रहीं थीं। किसी ने घटना की जानकारी रामा के भाई रामप्रसाद को दी। इस पर रामप्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस से अपने घायल भाई को अस्पताल पहुंचाया। घायल की स्थिति देखते हुए डाक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया। शुक्रवार को घायल रामा ने दम तोड़ दिया।
10 साल का बेटा हुआ बेसहारा, मां के बाद पिता की भी चली गई जान
रामा की पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है। वह अपने माता-पिता और 10 साल के बेटे का भरण पोषण करता था। रामा की मौत से वृद्ध माता-पिता का सहारा छिन गया है। वहीं, 10 साल का बेटा बेसहारा हो गया है।
