Share this article
गृह विभाग ने जारी किया आदेश, विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर मिली मंजूरी
वरिष्ठ वेतनमान प्राप्त अधिकारियों को मिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/उप सेनानी के समकक्ष रैंक
बिलासपुर:
छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 12 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/उप सेनानी या समकक्ष रैंक के पद पर पदोन्नत किया है। इस संबंध में गृह विभाग ने 15 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया है। पदोन्नति वर्ष 2026 की स्थिति में वरिष्ठ वेतनमान प्राप्त अधिकारियों की पदस्थापना से संबंधित विभागीय पदोन्नति एवं छानबीन समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई है।गृह विभाग के आदेश के अनुसार, विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक 17 सितंबर 2026 को हुई थी। समिति की अनुशंसा के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिक (राजपत्रित) सेवा भर्ती तथा पदोन्नति नियम, 2005 के नियम 14 और 23 की अनुसूची-पांच में दिए गए प्रावधानों के तहत अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है।
इन 12 अधिकारियों को मिली पदोन्नति
पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में सुरेन्द्र साय पैकरा, संजय कुमार ध्रुव, माधुरी धीरही, अखिलेश कौशिक, राजेश देवांगन, स्नेहिल साहू, घनश्याम कामड़े, दिनेश्वरी नंद, मनीष कुमार कंवर, दीपिका मिंज, अनूप कुमार लकड़ा और मंजुलता बाज शामिल हैं।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन अधिकारियों की पदस्थापना के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। इसके बाद संबंधित अधिकारियों की नई जिम्मेदारी और तैनाती का स्थान तय होगा।
