पॉक्सो मामले में लापरवाही पर एसएसपी का बड़ा एक्शन, सिरगिट्टी टीआई और विवेचना अधिकारी लाइन अटैच

Share this article

घटनास्थल का निरीक्षण नहीं करने और साक्ष्य संकलन में चूक पर कार्रवाई, नए थाना प्रभारियों की भी नियुक्ति

बिलासपुर: जिले में दर्ज एक संवेदनशील पॉक्सो प्रकरण की जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने पर बिलासपुर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। थाना सिरगिट्टी में पदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस तथा मामले की विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक संतोषी अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही दोनों अधिकारियों की भूमिका की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

क्या है मामला

प्राथमिक जांच में पाया गया कि थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया और महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संकलन में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। वहीं, बीएनएसएस की धारा 176(3) के तहत सात वर्ष या उससे अधिक दंडनीय अपराधों में अनिवार्य रूप से बुलाए जाने वाली ‘सीन ऑफ क्राइम यूनिट’ को भी मौके पर नहीं बुलाया गया। इसे जांच प्रक्रिया में गंभीर चूक माना गया है।

जानकारी के अनुसार थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 383/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 65(2), 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। यह एक अत्यंत संवेदनशील प्रकरण था, जिसमें जांच के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने की शिकायत सामने आई।

एसआई ने बरती घोर लापरवाही-

मामले की विवेचना कर रही उप निरीक्षक संतोषी अग्रवाल पर भी जांच में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। पुलिस विभाग ने दोनों अधिकारियों के कार्यों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से उन्हें रक्षित केंद्र भेज दिया है।

एसएसपी ने इस पूरे मामले की प्राथमिक जांच नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) को सौंपी है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर सात दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें, ताकि आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सके।

वाय पी सिंह को सिरगिट्टी और कमला को पचपेड़ी थाना की कमान –

इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी पदस्थापना आदेश भी जारी किए हैं। जिला विशेष शाखा में पदस्थ निरीक्षक वाय.पी. सिंह को थाना सिरगिट्टी का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक कमला पुसाम को थाना पचपेड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा थाना पचपेड़ी में पदस्थ उप निरीक्षक राज सिंह का स्थानांतरण थाना सिरगिट्टी किया गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि, गंभीर मामलों में जांच संबंधी निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।