राजकिशोर नगर में ज्वेलरी संचालक से लूट, मारपीट कर कार समेत जेवर ले भागे बदमाश

Share this article

पीछा कर रोका, पिस्टल की मैगजीन व जिंदा कारतूस मौके पर गिरे; घायल कारोबारी अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर:
मंगलवार रात करीब 9 बजे टेलीफोन एक्सचेंज रोड, राजकिशोर नगर में हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी संचालक संतोष तिवारी पर हमला कर उनकी कार और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। वारदात के दौरान आरोपियों ने हथौड़े और बंदूक के बट से हमला किया, जिससे संतोष तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुकान बंद कर लौट रहे थे घर-

जानकारी के अनुसार संतोष तिवारी की राजकिशोर नगर चौक पर ‘मां महालक्ष्मी’ नाम से ज्वेलरी शॉप है। रोज की तरह वे दुकान बंद कर जेवर लेकर अपनी मेहरून रंग की रेनॉल्ट कार (क्रमांक CG 10 AH 7707) से घर लौट रहे थे। तभी एक कार और पैशन प्रो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर रास्ते में रोक लिया।

खींचतान में नहीं चली पिस्टल-

बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि संतोष तिवारी ने भी साहस दिखाते हुए मुकाबला किया। इसी दौरान आरोपियों की पिस्टल नहीं चल सकी और उसकी मैगजीन व कुछ जिंदा कारतूस मौके पर गिर गए, जो बरामद हुए हैं।

हथौड़े से वार, कार लेकर फरार-

प्रतिरोध बढ़ता देख आरोपियों ने हथौड़े और बंदूक के बट से ताबड़तोड़ हमला किया। घायल करने के बाद वे कार में रखे सोने-चांदी के जेवर समेत कार लेकर फरार हो गए। भागते समय आरोपी अपनी कार (CG 10 BJ 8147) और बाइक (CG 10 P 0331) मौके पर छोड़ गए।

चोरी की गाड़ियां होने की आशंका-

पुलिस को आशंका है कि बदमाशों द्वारा छोड़ी गई कार और बाइक चोरी की हो सकती हैं, इसी वजह से वे उन्हें छोड़कर भाग निकले। प्रारंभिक जांच में यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले से ज्वेलरी संचालक की रेकी की थी और मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

नाकेबंदी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे-

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हैं।