ऊपर वाला सब देख रहा है, एसपी का कटा चालान… “कानून सबके लिए एक समान, SP ने खुद भरा चालान!”

Share this article

“ऊपर वाला सब देख रहा है”: बिलासपुर में पुलिस अधीक्षक ने भरा खुद का चालान, यातायात नियमों की मिसाल

बिलासपुर: अक्सर ऐसा माना जाता है कि यातायात नियम केवल आम नागरिकों के लिए होते हैं, लेकिन बिलासपुर में पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) ने एक उदाहरण प्रस्तुत कर साबित कर दिया कि क़ानून सभी के लिए समान है। यह रोचक वाकया तब हुआ जब वे और जिलाधीश अवनीश शरण एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने कलेक्टर की गाड़ी से जा रहे थे। उनके पीछे पुलिस अधीक्षक महोदय का वाहन भी आ रहा था, जो उनका चालक चला रहा था।

सत्यम चौक पर कलेक्टर का वाहन तो सिग्नल पार कर गया, लेकिन जैसे ही पुलिस अधीक्षक के वाहन की बारी आई, सिग्नल लाल हो गया। हालांकि, चालक ने इसे नजरअंदाज करते हुए रेड सिग्नल जंप कर दिया। इस उल्लंघन को ITMS के कैमरे ने तुरंत पकड़ लिया और पुलिस अधीक्षक को चालान की सूचना मैसेज के माध्यम से प्राप्त हो गई।

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिम्मेदार नागरिकता का परिचय देते हुए बिना किसी देरी के दो हजार रुपये का चालान ऑनलाइन भर दिया। उन्होंने यातायात थाने से इसकी रसीद भी प्राप्त की और अपने वाहन चालक को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए।

इस घटना से यह संदेश गया कि बिलासपुर पुलिस की नजर में हर व्यक्ति बराबर है, चाहे वह किसी VIP की गाड़ी हो या आम नागरिक की। पुलिस अधीक्षक का यह कदम न केवल नियमों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है, बल्कि यह बिलासपुर पुलिस का एक संदेश भी है: “ऊपर वाला सब देख रहा है”।

बिलासपुर पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें।