यूट्यूब पर एडवर्टाइजमेंट के जरिए मेडिकल रिप्रजेंटेटिव फ्रेंचाइजी का झांसा देकर लाखों की ठगी, अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

Share this article

रायपुर:
रायपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने यूट्यूब पर एडवर्टाइजमेंट के जरिए मेडिकल रिप्रजेंटेटिव फ्रेंचाइजी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिव नारायण साहू (44) निवासी दिल्ली को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। इससे पहले इसी प्रकरण में आरोपी सुरेश कुंती सिंह उर्फ सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल में निरुद्ध किया गया था।

साइबर रेंज थाना प्रभारी मनोज नायक नें बताया कि, प्रार्थी राजन असपिलिया ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अक्टूबर 2023 में वह वर्क फ्रॉम होम की तलाश में यूट्यूब पर सर्च कर रहा था, तभी उसने फार्मा हेल्थ एकेडमी के नाम से मेडिकल रिप्रजेंटेटिव की फ्रेंचाइजी का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में बीस हजार रुपये की नौकरी का झांसा दिया गया था। प्रार्थी ने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया, जहां शिव नारायण साहू, जो फ्रेंचाइजी हेड के रूप में प्रस्तुत हुआ और सीईओ सुरेश कुंती सिंह से बात हुई।

प्रार्थी ने बताया कि उसे रायपुर में एक मॉडल सेंटर खोलने के लिए 6 लाख रुपये का भुगतान करने को कहा गया। इसके बाद, आरोपी सुरेश कुंती ने उसके 45 साल के फार्मा इंडस्ट्री अनुभव को देखते हुए पूरे छत्तीसगढ़ का रिजनल हेड बनने का प्रस्ताव दिया। इस प्रस्ताव को मानते हुए प्रार्थी ने विभिन्न खातों में 14,30,000 रुपये जमा कर दिए।

सेंटर खोला लेकिन कोई एडमिशन नहीं मिला:
प्रार्थी ने 1 नवंबर 2023 को रायपुर के मोवा क्षेत्र में सेंटर खोला, लेकिन आरोपियों द्वारा न तो कोई एडमिशन करवाया गया और न ही अन्य जिलों में सब-सेंटर खोला गया। प्रार्थी को बार-बार केवल आश्वासन दिए जाते रहे, जिससे उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज:
साइबर रेंज थाना प्रभारी मनोज नायक ने बताया कि, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में रेंज साइबर थाना की टीम ने इस मामले की जांच शुरू की। आरोपी सुरेश कुंती सिंह को पहले ही 14 जुलाई 2024 को दिल्ली से गिरफ्तार किया जा चुका था। जबकि शिव नारायण साहू फरार था, जिसे अब 8 सितंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया है।

3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विभिन्न बैंक खातों में होल्ड:
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी शिव नारायण साहू को दिल्ली से पकड़ने में सफलता हासिल की। इस प्रकरण में अब तक करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराई जा चुकी है।

इस मामले के अलावा, रेंज साइबर थाना के अपराध क्रमांक 14/24 में एक IT इंजीनियर के साथ 88 लाख रुपये की ठगी हुई थी, जिसमें अब तक 57 लाख रुपये बैंक खाते में होल्ड किए जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपी:
शिव नारायण साहू, उम्र 44 वर्ष, निवासी बी-242 न्यू अशोक नगर, पूर्वी दिल्ली।