साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले युवक ने प्रेमिका को पिलाया कीटनाशक, लड़की की मौत, युवक गिरफ्तार

Share this article

बिलासपुर: एक दिल दहला देने वाली घटना में प्रेमी जोड़े की प्रेम कहानी दुखद अंत तक पहुंची। ग्राम किरारी में रहने वाली 22 वर्षीय मीना पटेल और 26 वर्षीय सुरेश साहू के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, लेकिन सुरेश की सगाई कहीं और हो जाने पर उनके बीच विवाद शुरू हो गया।

मस्तूरी थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने जानकारी दी कि चार अप्रैल की रात दोनों के बीच हुए विवाद के बाद, अगले दिन सुरेश ने मीना को मस्तूरी स्थित स्कूल के पास बुलाया। यहां पर सुरेश ने मीना को साथ में जीने की बात छोड़कर साथ मरने के लिए कहा। सुरेश की बातों में आकर मीना ने मरने के लिए हामी भर दी। सुरेश ने अपने साथ लाए कीटनाशक को मीना को दे दिया। मीना ने उस पर भरोसा करते हुए कीटनाशक पी लिया। मीना की हालत बिगड़ते ही सुरेश वहां से भाग निकला। मीना की बिगड़ती हालत को देख उसके स्वजन उसे अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने मीना की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और सुरेश साहू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।